पटेल नगर विस्तार में फाग महोत्सव की धूम, भक्ति और रंगों में सराबोर हुई महिलाएं

Update: 2026-02-22 15:10 GMT

भीलवाड़ा। पटेल नगर विस्तार सेक्टर 11 में पूर्वांचल जन चेतना समिति (चैरिटेबल ट्रस्ट) की ओर से फाग महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। होली के आगमन से पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पूरा क्षेत्र रंग और भक्ति के उल्लास से गूंज उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात भजन मंडली ने पारंपरिक फाग गीतों—“आज बिरज में होली रे रसिया” और “फाग खेलन आए श्याम”—की मनमोहक प्रस्तुति दी। ढोलक और मंजीरे की थाप पर महिलाएं रंगों में सराबोर होकर झूमती नजर आईं। वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्वांचल समिति के संस्थापक अध्यक्ष एवं एलएनजे ग्रुप के ओएसडी रजनीश वर्मा थे कार्यक्रम के विशिष्ट तिथि अखिल भारतीय माली महासभा के उपाध्यक्ष गोपाल माली एवं भारतीय जनता पार्टी के कोषाध्यक्ष ललित अग्रवाल थे

आयोजकों ने बताया कि फाग उत्सव भारतीय संस्कृति, आपसी प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है। यह पर्व केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सौहार्द का संदेश देता है। उपस्थित अतिथियों ने भी समाज में सद्भाव और सहयोग की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।

महिलाओं ने फूलों की होली खेलकर एक-दूसरे को गुलाल लगाया और होली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिससे कार्यक्रम में और अधिक रंग भर गए। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर समिति की महिला कार्यकारिणी सदस्य—अनुराधा झा, शिल्पी सिंह, सिमल देवी, सुमन देवी, टोनी, रामवती देवी, पूनम झा, सावित्री देवी, निर्मला देवी, रिंटु चौधरी, सरिता देवी, खुशबू, संगीता देवी, किरण देवी, नीलम कुशवाहा, उर्मिला देवी एवं सुजीता देवी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।

फाग महोत्सव ने पूरे क्षेत्र को होली के रंग में रंग दिया और आने वाले पर्व के प्रति उत्साह दोगुना कर दिया।

Tags:    

Similar News