महावीर जयंती पर भीलवाड़ा नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: शहर में 13 मांस की दुकानें करवाईं बंद
भीलवाड़ा हलचल। अहिंसा के अवतार भगवान महावीर स्वामी की जयंती के पावन अवसर पर भीलवाड़ा नगर निगम ने शहर में सख्ती दिखाते हुए मांस की दुकानों को बंद करवाया है। नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी के कड़े निर्देशों के बाद मंगलवार को निगम की टीम ने विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण कर दुकानों को बंद रखने की हिदायत दी।
आयुक्त के नेतृत्व में टीम ने संभाला मोर्चा
नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने शहर के संवेदनशील और प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में कार्रवाई की। इस टीम में इंस्पेक्टर प्रवीण अटवाल और होमगार्ड टीम प्रभारी जोरावर सिंह ने अपने दल-बल के साथ मोर्चा संभाला। कार्रवाई के दौरान रेलवे स्टेशन चौराहा, चंद्रशेखर आजाद नगर, भोपालपुरा और तिलक नगर सहित शहर के विभिन्न मोहल्लों में खुली पाई गई लगभग 13 मांस की दुकानों को मौके पर ही बंद करवाया गया।
जनता ने की निगम की कार्रवाई की सराहना
महावीर जयंती के दिन जीव हत्या और मांस की बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद कुछ दुकानदार नियमों की अवहेलना कर रहे थे। निगम की इस त्वरित और ठोस कार्रवाई को लेकर शहरवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि धार्मिक पर्वों पर इस तरह की अनुशासनिक कार्रवाई से सामाजिक समरसता और धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहता है। निगम की टीम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के विशेष अवसरों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.