मारू भाम्बी संस्थान ने शुरू की शीतल जल की प्याऊ
भीलवाड़ा। मारू भाम्बी विकास सेवा संस्थान, भीलवाड़ा और नवयुवक मंडल द्वारा भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए समाजजनों के सहयोग से सेवा का अनूठा कार्य शुरू किया गया है। कावां खेड़ा क्षेत्र में चारभुजानाथ मंदिर के पास बड़े पार्क के समीप राहगीरों और मजदूरों की प्यास बुझाने के लिए शीतल पेयजल की प्याऊ का भव्य शुभारंभ किया गया।
संस्थान की ओर से लगाई गई इस प्याऊ पर प्रतिदिन ताजा और ठंडे पानी की कैन रखी जाएगी, ताकि तेज धूप में निकलने वाले आमजन को स्वच्छ जल मिल सके। शुभारंभ के अवसर पर अध्यक्ष कन्हैया लाल पवार, उपाध्यक्ष रामपाल नीलड, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश बैकुंदिया और सचिव नवीन कुमार मारू सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। अध्यक्ष पवार ने बताया कि संस्थान लगातार रक्तदान शिविर और प्रतिभा सम्मान जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा है। इसी कड़ी में मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए यह जल सेवा शुरू की गई है।
कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश बैकुंदिया ने जानकारी दी कि भामाशाहों और समाज के सहयोग से यह पहल की गई है ताकि राहगीरों को पानी के लिए भटकना न पड़े। इस दौरान मांगीलाल काला, बद्री लाल चनिया, गौतम चंद मारू, मुकेश कुमार मकवाना, शांति लाल नीलड, शिवराज तंवर, कैलाश चंद मलांडा, संजय कड़ेला और दिनेश चंद मलांडा सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। सभी ने इस कार्य को प्रेरणादायी बताते हुए संस्थान के प्रयासों की सराहना की।