पीथास विद्यालय का 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम रहा शत-प्रतिशत
भीलवाड़ा। मांडल तहसील के राजकीय उच्च माध्यमिक एवं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पीथास का कक्षा 12वीं का बोर्ड परीक्षा परिणाम इस वर्ष भी ऐतिहासिक और शत-प्रतिशत रहा है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत से क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कुल 25 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए थे, जिनमें से सभी सफल रहे। इनमें से 20 छात्रों ने प्रथम श्रेणी और 5 छात्रों ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की। विशेष उल्लेखनीय है कि 10 छात्रों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
सोनू तेली ने रचा इतिहास
विद्यालय के छात्र सोनू तेली (पुत्र नारायण लाल तेली, निवासी पुरानी अमरगढ़) ने 92.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। सोनू की इस उपलब्धि में सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने भूगोल विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर एक उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है।
बालिका विद्यालय का भी रहा शानदार प्रदर्शन
इसी प्रकार, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की सभी 12 छात्राएं परीक्षा में सफल रहीं। इनमें से 5 छात्राओं ने प्रथम श्रेणी, 6 ने द्वितीय और 1 छात्रा ने तृतीय श्रेणी प्राप्त की। छात्राओं में पिंकी बैरवा (पुत्री लेहरू बैरवा) ने 73.6 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया।
विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता पर विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है।
