मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर विधायक कोठारी ने शहर के प्रमुख नालों का किया औचक निरीक्षण
भीलवाड़ा । आगामी वर्षा ऋतु के दौरान शहर को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने मंगलवार को सक्रियता दिखाते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। विधायक ने जल निकासी व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से कई प्रमुख नालों का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया और अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान विधायक कोठारी ने सांगानेर गेट नाला, जैन ज्योति नगर नाला, और सांगानेर कॉलोनी में प्रस्तावित महिला आईटीआई ग्राउंड के पास स्थित नालों का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने मोती बावजी, भारद्वाज हॉस्पिटल के समीप और रोडवेज बस स्टैंड के पास वाले नालों की स्थिति भी देखी। विधायक ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि कार्ययोजना बनाकर नालों की मरम्मत, सफाई और सुधार कार्य तुरंत प्रारंभ किए जाएं।
बाधाएं दूर करने के निर्देश
विधायक ने गांधीसागर से सांगानेर नदी तक जाने वाले मुख्य नाले का भी विशेष रूप से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल निकासी के मार्ग में जहां भी अवरोध या बाधाएं हैं, उन्हें शीघ्र हटाकर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विधायक कोठारी ने जोर देकर कहा कि मानसून से पहले रखरखाव और सफाई का कार्य पूरा होना अनिवार्य है ताकि शहरवासियों को गंदगी, जलभराव और आवागमन की समस्याओं से जूझना न पड़े।