हज यात्रा 2026 से पहले सख्त स्वास्थ्य जांच, फिट नहीं होने पर बाहर हो सकते हैं चयनित यात्री

Update: 2026-01-18 04:50 GMT


  हज यात्रा 2026 के लिए चयनित कुछ यात्रियों को सेहत के आधार पर यात्रा से बाहर किया जा सकता है। सेंट्रल हज कमेटी ने यात्रियों की दोबारा स्वास्थ्य जांच कराने का फैसला लिया है। यदि कोई यात्री तय किए गए नए स्वास्थ्य मानकों पर खरा नहीं उतरता है तो उसका चयन रद्द किया जा सकता है।

सऊदी सरकार और भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने हज यात्रियों के लिए स्वास्थ्य जांच के नए और कड़े मापदंड तय किए हैं। अब यात्रियों को सरकारी चिकित्सकों से मेडिकल फिटनेस टेस्ट कराकर प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य होगा। इन मानकों में शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक रूप से स्वस्थ होना भी जरूरी किया गया है। हज यात्रा अप्रैल और मई महीने में शुरू होगी।

जानकारी के अनुसार 2700 से अधिक यात्री फिलहाल वेटिंग लिस्ट में हैं। ऐसे में जो यात्री स्वास्थ्य मानकों पर खरे नहीं उतरेंगे, उनकी जगह वेटिंग लिस्ट से अन्य यात्रियों को मौका मिल सकता है।

हज कमेटी की ओर से यात्रियों को सेहत से जुड़ी एक विशेष बुकलेट भी दी जा रही है। इस बुकलेट में यात्री का ब्लड ग्रुप, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी, जरूरी मेडिकल रिपोर्ट और अन्य अहम विवरण दर्ज होंगे। यह बुकलेट हज यात्रा के पूरे 40 दिनों तक यात्रियों को अपने पास रखना अनिवार्य होगा। जरूरत पड़ने पर इसी के आधार पर इलाज और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हर हज यात्री की सेहत की गंभीरता से जांच की जाएगी। खास तौर पर शारीरिक क्षमता को परखा जाएगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपनी सेहत पर ध्यान दें और आवश्यक सुधार करें, क्योंकि हज यात्रा लंबी और कठिन होती है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह स्वस्थ होना बेहद जरूरी माना गया है।

Similar News