भीलवाड़ा । आने वाले वर्ष 2026 में सरकारी कर्मचारियों के लिए छुट्टियों का कैलेंडर जारी हो चुका है। नए साल में कुल 31 सार्वजनिक और 19 ऐच्छिक छुट्टियां निर्धारित की गई हैं। हालांकि इन 31 सार्वजनिक छुट्टियों में से कई शनिवार और रविवार को पड़ने के कारण कर्मचारियों को वास्तविक लाभ कुछ कम मिलेगा।
जानकारी के अनुसार 31 सार्वजनिक छुट्टियों में से 6 छुट्टियां रविवार और 3 छुट्टियां शनिवार को होंगी। इस तरह सप्ताहांत में पड़ने वाली छुट्टियों के कारण सरकारी कर्मचारियों को कुल 9 छुट्टियों का अतिरिक्त लाभ नहीं मिल पाएगा।
वर्ष 2026 में कई प्रमुख पर्व भी रविवार को ही पड़ रहे हैं। दीपावली, नवरात्रा स्थापना और महाशिवरात्रि रविवार के दिन मनाई जाएंगी। वहीं 15 अगस्त शनिवार को पड़ेगा, जिससे स्वतंत्रता दिवस पर अलग से अवकाश का लाभ नहीं मिलेगा।
राज्य के सरकारी कर्मचारियों को अगले साल 31 सार्वजनिक और 19 ऐच्छिक छुट्टियां मिलेंगी। हालांकि इन 19 ऐच्छिक अवकाशों में से कर्मचारी सिर्फ दो ही चुन सकेंगे। लेकिन मजे की बात ये है कि 2026 में कर्मचारियों को 12 बार तीन-तीन दिन का लंबा वीकेंड (Long Weekend) मिलेगा- यानी साल भर में बारह छोटे-छोटे वेकेशन! वहीं थोड़ी निराशा भी है, क्योंकि कई बड़े त्योहार शनिवार और रविवार पर पड़ने से 9 छुट्टियां उनके 'हाथ' से निकल गईं।
इसके अलावा, प्रत्येक जिला कलेक्टर को अपने जिले में दो स्थानीय अवकाश घोषित करने का अधिकार भी रहेगा। वहीं बैंक कर्मचारियों के लिए छुट्टियों का अलग कैलेंडर वित्त विभाग जारी करेगा।
12 बार मिलेगा लॉन्ग वीकेंड 'बोनस'!
कैलेंडर के मुताबिक, 7 हफ्ते ऐसे हैं जब शुक्रवार को छुट्टी है, उसके बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी मिलाकर तीन दिन का लंबा वीकेंड बनेगा। वहीं 5 हफ्तों में सोमवार को अवकाश पड़ने से भी लगातार तीन दिन की छुट्टियां मिलेंगी। यानी पूरे साल में कुल 12 हफ्तों में कर्मचारियों को 3-3 दिन की मस्ती का मौका मिलेगा।
शनिवार-रविवार ने 'खा' लीं 9 छुट्टियां
त्योहारों की तारीखें इस बार कर्मचारियों के मूड पर थोड़ा पानी फेरने वाली हैं। 9 प्रमुख त्योहार शनिवार या रविवार को पड़ रहे हैं, जिससे छुट्टियां 'कैलेंडर में तो हैं, पर असल में नहीं!'
रविवार को पड़ने वाले त्योहार (6 छुट्टियां कम):
25 जनवरी – देवनारायण जयंती
15 फरवरी – महाशिवरात्रि
19 अप्रैल – परशुराम जयंती
9 अगस्त – विश्व आदिवासी दिवस
11 अक्टूबर – नवरात्र स्थापना
8 नवंबर – दीपावली
शनिवार को पड़ने वाले त्योहार (3 छुट्टियां कम):
21 मार्च – ईद-उल-फितर
11 अप्रैल – ज्योतिबा फुले जयंती
15 अगस्त – स्वतंत्रता दिवस
महाशिवरात्रि और दीपावली दोनों रविवार को
जी हां, 2026 में दीपावली और महाशिवरात्रि दोनों रविवार को पड़ेंगी। इसका मतलब है कि इन दो सबसे बड़े त्योहारों की छुट्टियां साप्ताहिक अवकाश में समा जाएंगी। यानि दीपावली के दिन घर तो जगमग होगा, लेकिन छुट्टी की गिनती में 'माइनस वन'!
सोमवार की छुट्टियों से बनेगा लंबा वीकेंड
सोमवार को पडऩे वाले अवकाशों की वजह से कई बार कर्मचारी लगातार तीन दिन आराम कर सकेंगे। सोमवार की 5 बड़ी छुट्टियां:, 26 जनवरी – गणतंत्र दिवस, 2 मार्च – होलिका दहन-21 सितंबर – रामदेव जयंती व तेजा दशमी, 19 अक्टूबर – दुर्गाष्टमी, 9 नवंबर – गोवर्धन पूजा
19 ऐच्छिक छुट्टियां- 'अपनी मर्जी से दो चुनिए!'
साल 2026 में राज्य सरकार ने कुल 19 ऐच्छिक अवकाश घोषित किए हैं। कर्मचारी इनमें से अपनी सुविधा अनुसार किसी भी दो दिन की छुट्टी ले सकते हैं। इनमें शामिल हैं- 1 जनवरी (न्यू ईयर), 13 जनवरी (लोहड़ी), 14 सितंबर (गणेश चतुर्थी), 29 अक्टूबर (करवा चौथ) जैसे लोकप्रिय त्योहार।
कर्मचारियों में खुशी और हल्की निराशा
कर्मचारियों ने इसे 'संतुलित कैलेंडर' बताया है। एक सरकारी कर्मचारी ने मुस्कराते हुए कहा-तीन-तीन दिन के लॉन्ग वीकेंड तो बढ़िया हैं, लेकिन दीपावली रविवार को पड़ना थोड़ा खटक गया। बहरहाल राजस्थान सरकार का 2026 छुट्टियों का कैलेंडर कर्मचारियों के लिए आराम और अफसोस का कॉम्बो पैक लेकर आया है। जहां 12 लॉन्ग वीकेंड खुशियां बढ़ाएंगे, वहीं शनिवार-रविवार पर पड़े 9 त्योहार छुट्टी प्रेमियों को थोड़ा मायूस भी करेंगे।अब देखना ये है कि साल 2026 में कर्मचारी ऑफिस से ज्यादा ‘वीकेंड ट्रैवल प्लान’ बनाते हैं या नहीं!
