राजस्थान में 35 हजार बसें बंद, टैक्सियों की भी हड़ताल

Update: 2026-02-24 07:28 GMT

भीलवाड़ा। राजस्थान में परिवहन विभाग कार्रवाई के विरोध में निजी बस ऑपरेटर्स ने सोमवार रात 12 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है।

बस ऑपरेटर्स का दावा है कि प्रदेश की करीब 35 हजार कॉन्ट्रैक्ट कैरिज, स्टेट कैरिज और लोक परिवहन बसों का संचालन बंद हो गया है।

जयपुर सहित कई शहरों में मंगलवार सुबह से इसका असर दिख रहा है। बस एसोसिएशन ने 28 फरवरी को अजमेर में होने वाली पीएम की रैली के लिए भी बसें नहीं देने का ऐलान किया है। हालांकि, जोधपुर में बसें चल रही हैं।

वहीं, टैक्सी ऑपरेटर्स ने भी बस हड़ताल को समर्थन दिया है। इधर, रोडवेज बसों में मंगलवार सुबह यात्री भार बढ़ गया है। जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड पर यात्री बसें नहीं मिलने की शिकायत करते नजर आए। यहां पुलिसकर्मी भी लगाए गए हैं।

ऑल राजस्थान कॉन्ट्रैक्ट कैरिज बस एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि सोमवार को उन्हें सचिवालय में वार्ता के लिए बुलाया गया था, लेकिन बातचीत में कोई सहमति नहीं बन सकी।

उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से आरसी सस्पेंड की गई बसों की सूची मंगवाई गई है और मंगलवार को फिर बातचीत होगी। शर्मा ने बताया कि रात 12 बजे से हड़ताल प्रभावी कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर सहमति नहीं बनती है तो बस ऑपरेटर्स सड़कों पर उतरकर चक्का जाम करेंगे। वहीं, जोधपुर में मंगलवार सुबह प्राइवेट बसों का संचालन सामान्य रहा। यहां हड़ताल का असर नहीं दिखा।

Tags:    

Similar News