घटिया निर्माण की भेंट चढ़ी नेगड़िया खेड़ा-फुकिया सड़क, 5 साल की गारंटी 2 साल में ही फेल
भीलवाड़ा । जिले की अंतिम सीमा पर स्थित नेगड़िया खेड़ा से फुकिया स्कूल तक बनी डामर सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। भ्रष्टाचार और लापरवाही का आलम यह है कि 5 वर्ष की गारंटी अवधि वाली यह सड़क महज दो साल के भीतर ही पूरी तरह खड्डों में तब्दील हो चुकी है।
13 नवंबर 2023 को हुआ था कार्य पूर्ण
जानकारी के अनुसार, इस सड़क का निर्माण कार्य 13 नवंबर 2023 को पूर्ण किया गया था। नियमानुसार निर्माण एजेंसी द्वारा इस कार्य के लिए 5 वर्ष की 'डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड' (गारंटी अवधि) निर्धारित की गई थी। लेकिन निर्माण के समय घटिया सामग्री के उपयोग के कारण सड़क की ऊपरी सतह उखड़ चुकी है और कंक्रीट जगह-जगह बिखर रही है।
हादसों को न्योता देती बदहाल सड़क
सड़क की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि राहगीरों और वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। बिखरी हुई कंक्रीट के कारण दुपहिया वाहन चालक आए दिन फिसल कर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार की मनमानी और संबंधित विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के चलते मानक मानदंडों को ताक पर रखकर निर्माण किया गया।
जांच और कार्रवाई की उठी मांग
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि गारंटी अवधि के अंतर्गत ठेकेदार से तत्काल सड़क का नवीनीकरण (रिपेयर) करवाया जाए और दोषी अधिकारियों व एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी धन का दुरुपयोग रुक सके।