जिला स्तरीय दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता 5 और 6 फरवरी को लाछुड़ा में होगी आयोजित, खिलाड़ियों की टी शर्ट का तहसीलदार ने किया विमोचन
आसींद मंजूर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के माय भारत मेरा युवा भारत केंद्र के तत्वावधान में जिले की ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 5 और 6 फरवरी को खेल मैदान लाछुड़ा आसींद में किया जाएगा।
जिला युवा अधिकारी जयेश मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को मजबूत करना तथा उभरते हुए प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान करना है। प्रतियोगिता का आयोजन खेलो इंडिया की तर्ज पर किया जा रहा है ताकि युवाओं में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हो और उन्हें आगे बढ़ने का मंच मिल सके।
प्रतियोगिता में जिले भर से विभिन्न युवा मंडलों की टीमें भाग लेंगी। कार्यक्रम के दौरान वॉलीबॉल, कबड्डी, रस्साकशी, एथलेटिक्स की 100 मीटर दौड़, लंबी कूद सहित कई पारंपरिक खेलों का आयोजन किया जाएगा। विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया जाएगा।
सोमवार को आसींद तहसील मुख्यालय पर आयोजित एक कार्यक्रम में तहसीलदार जय सिंह की उपस्थिति में प्रतियोगिता के लिए तैयार की गई खिलाड़ियों की टी शर्ट का विमोचन किया गया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि अनिल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और खेल प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने प्रतियोगिता की सफलता की कामना करते हुए युवाओं को पूरे उत्साह से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।