डीएमएफटी गवर्निंग काउंसिल की बैठक: खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास पर मंथन, कलक्टर ने दिए समयबद्ध कार्य के निर्देश

Update: 2026-04-03 13:18 GMT

 भीलवाड़ा |   जिला कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को "भीलवाड़ा डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउण्डेशन ट्रस्ट" (DMFT) की गवर्निंग काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। जिला कलक्टर एवं ट्रस्ट अध्यक्ष जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिले के खनन प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई।

गुणवत्ता और समन्वय पर जोर: सांसद

बैठक में उपस्थित सांसद दामोदर अग्रवाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि डीएमएफटी के अंतर्गत चल रहे समस्त कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय से कार्य करें ताकि सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुँच सके।

पारदर्शिता के साथ पूरा करें लक्ष्य: कलक्टर

जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और स्वच्छता से जुड़े प्रोजेक्ट्स की प्रगति जांची। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीएमएफटी का मूल उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों का समग्र विकास है, अतः कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए। कलक्टर ने लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने और नवीन प्रस्तावों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

विधायकों ने रखे क्षेत्रीय प्रस्ताव

बैठक में सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया, माण्डलगढ़ विधायक गोपाललाल शर्मा, भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी, शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा और मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास की आवश्यकताओं से सदन को अवगत कराया। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रभान सिंह भाटी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं गवर्निंग काउंसिल के सदस्य मौजूद रहे।

Similar News