हनुमान जन्मोत्सव पर श्रद्धा का सैलाब: 151 श्रीफलों की आहुति के साथ संपन्न हुआ महायज्ञ

Update: 2026-04-03 13:06 GMT

 पुर (भीलवाड़ा)। उपनगर पुर स्थित श्री पवनसुत हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विविध धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर धर्म लाभ कमाया।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पंडित अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में दोपहर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। पाठ की चौपाइयों पर भक्त झूम उठे और पूरा वातावरण रामभक्ति में सराबोर हो गया। विशेष अनुष्ठान के तहत श्री पवनसुत हनुमान सेवा संस्थान, जानीखेड़ा के तत्वाधान में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान हवन कुंड में 151 नारियल (श्रीफल) की आहुतियां देकर विश्व शांति और खुशहाली की कामना की गई।

हवन की पूर्णाहति के पश्चात संकटमोचन हनुमान की महाआरती उतारी गई और महाप्रसाद का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। दिनभर मंदिर में दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा और जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।

Similar News