रास्ते में गूंजी किलकारी: 108 एम्बुलेंस में सुरक्षित प्रसव, जच्चा-बच्चा स्वस्थ

Update: 2026-04-03 13:04 GMT

  रायला। रायला क्षेत्र के डुगा का खेड़ा गांव में शुक्रवार की सुबह खुशियों भरी रही। अलसुबह करीब 6:55 बजे एक गर्भवती महिला को प्रसव हेतु अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। प्रसव पीड़ा अचानक तेज होने के कारण एम्बुलेंस को रास्ते में ही रोककर आपातकालीन स्थिति में प्रसव कराना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एम्बुलेंस संख्या RJ14 PF 5779 में ईएमटी अंकित कुमार दास और पायलट आत्माराम तैनात थे। जैसे ही महिला की हालत नाजुक हुई, ईएमटी अंकित कुमार ने अपनी सूझबूझ और तत्परता का परिचय दिया। उन्होंने वाहन में ही सुरक्षित प्रसव संपन्न कराया, जिसके बाद किलकारी गूंज उठी। महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है।

प्रसव के तत्काल बाद जच्चा और बच्चा दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रायला में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद पुष्टि की है कि दोनों का स्वास्थ्य पूरी तरह स्थिर और बेहतर है। इस चुनौतीपूर्ण समय में देवदूत बनकर आए एम्बुलेंस कर्मियों की कार्यकुशलता की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है। जच्चा के परिजनों ने ईएमटी अंकित और पायलट आत्माराम का हृदय से आभार व्यक्त किया है।

Similar News