जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक: सांसद दामोदर अग्रवाल ने की योजनाओं की समीक्षा
भीलवाड़ा | जिला कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी (दिशा) समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सांसद दामोदर अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी व फ्लैगशिप योजनाओं की विभागवार गहन समीक्षा की गई।
अंतिम छोर तक पहुँचे लाभ: सांसद
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। सांसद ने फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
कलक्टर ने दिए लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश
जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट जांची और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी प्रमुख योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
क्षेत्रीय समस्याओं पर मंथन
बैठक के दौरान भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी, शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा, माण्डलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल और मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना ने अपने-अपने क्षेत्रों की पेयजल, सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रभान सिंह भाटी सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।