अंडरब्रिजों में भरा बारिश का पानी, जान जोखिम में डालकर पटरी पार कर रहे लोग
By : मदन लाल वैष्णव
Update: 2025-07-03 07:52 GMT
भीलवाड़ा। शहर के कुछ अंडरब्रिजों में अभी भी बारिश का पानी भरा हुआ है, जिसके चलते लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बायोस्कोप के सामने और यूआईटी के सामने वाले अंडरब्रिज पर पानी भरा होने से लोगों को जान जोखिम में डालकर रेलवे पटरी के ऊपर से गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को जल्द से जल्द अंडरब्रिज से पानी निकालने की व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे आवागमन सुचारू हो सके। पानी भरा होने के कारण विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्दी ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोई अप्रिय घटना भी घट सकती है।