प्रतापनगर थाना चोरी मामले में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

Update: 2026-02-02 14:05 GMT

 भीलवाड़ा बीएचएन। पुलिस थाना प्रतापनगर क्षेत्र में केबिन और गैंती फावड़ा चोरी के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर आरोपी गोपाल गुर्जर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह आईपीएस के निर्देश पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार प्रकरण संख्या 161/2023 धारा 457 व 380 आईपीसी में शेष आरोपी गोपाल गुर्जर की तलाश की जा रही थी। मामले में परिवादी चांदमल तेली निवासी मलाण ने एक मार्च 2023 को रिपोर्ट दी थी कि 28 फरवरी 2023 को राकेश प्रजापत, नाहर सिंह बंजारा उर्फ नारू, गोपाल गुर्जर व अन्य ने उसके प्लॉट से केबिन और औजार चोरी कर लिए थे।

इस प्रकरण में पहले ही राकेश प्रजापत और नाहर सिंह उर्फ नारू को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष आरोपी गोपाल गुर्जर जो कि मांडल थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और जिसके खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, उसे सीओ सिटी सज्जन सिंह आरपीएस द्वारा गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी गोपाल गुर्जर 37 बताया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ मांडल, करेडा, प्रतापनगर और पुर थाना क्षेत्रों में मारपीट, लूट, हत्या के प्रयास, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा सहित अनेक गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें से कई मामलों में जांच या ट्रायल अभी लंबित है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है तथा अन्य मामलों में भी उसकी भूमिका को लेकर जांच की जा रही है।

Similar News