सेन हत्याकांड पर प्रदेश में आक्रोश, भीलवाड़ा में सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

Update: 2026-02-24 06:57 GMT

भीलवाड़ा। बीकानेर जिले के बज्जू उपतहसील अंतर्गत रणजीतपुरा (कुंडली) गांव में 13 वर्षीय बालिका के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की घटना को लेकर प्रदेशभर में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इस मामले में समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर, भीलवाड़ा को ज्ञापन सौंपकर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि बीकानेर जिले के बज्जू क्षेत्र के रणजीतपुरा गांव की कक्षा 8वीं की छात्रा परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। बाद में उसका अर्धनग्न शव थाने से मात्र 500 मीटर की दूरी पर मिला। घटना ने न केवल स्थानीय क्षेत्र बल्कि पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। थाने के इतने निकट इस प्रकार की वारदात होना पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

ज्ञापन में कहा गया है कि इस जघन्य अपराध को लेकर सेन समाज सहित विभिन्न संगठनों में भारी रोष है। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री तक चार प्रमुख मांगें पहुंचाई गई हैं। पहली मांग में दोषियों की अविलंब पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की बात कही गई है। दूसरी मांग में मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराते हुए अपराधियों को मृत्युदंड दिए जाने की मांग की गई है। तीसरी मांग के तहत घटना स्थल के समीप थाना होने के बावजूद सुरक्षा में चूक के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। चौथी मांग में पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने की अपील की गई है।

ज्ञापन में निवेदन किया गया है कि राज्य सरकार इस गंभीर प्रकरण को संवेदनशीलता से लेते हुए त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Tags:    

Similar News