कारोई में गूंजेंगे कन्हैया मित्तल के भजन: सांवरिया हनुमान मंदिर के पाटोत्सव में उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब

Update: 2026-03-05 12:54 GMT


भीलवाड़ा हलचल | मेवाड़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल और जिले के एकमात्र लेटे हुए हनुमानजी की प्रतिमा वाले 'श्री सांवरिया हनुमान मंदिर कारोई' का छठा पाटोत्सव इस बार बेहद खास होने जा रहा है। 8 से 11 मार्च तक आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय महोत्सव में प्रख्यात भजन गायक कन्हैया मित्तल अपनी सुरीली आवाज से श्री श्याम-बालाजी की महिमा का गुणगान करेंगे।

8 मार्च से मेले का आगाज, कन्हैया मित्तल की सजेगी शाम



 


मंदिर के महंत बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस पाटोत्सव की शुरुआत 8 मार्च को सुबह 10 बजे भव्य मेले के उद्घाटन के साथ होगी। इसी दिन शाम 7:15 बजे से आयोजित होने वाले 'श्री श्याम बालाजी संकीर्तन' में चंडीगढ़ के मशहूर भजन गायक कन्हैया मित्तल भजनों की स्वरलहरियां बिखेरेंगे। उनके साथ भीलवाड़ा के सोनू विश्नोई और कानपुर की दीपांशी तिवारी भी अपनी प्रस्तुति देंगी। इस आयोजन के मुख्य कर्ताधर्ता रामनारायण अनिलकुमार अजमेरा परिवार (पहुना) और नारायण (पिंटू) मोदी परिवार हैं।

11 मार्च को छप्पन भोग और महाआरती

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नटराजसिंह कारोई और व्यवस्थापक शिव समदानी ने बताया कि पाटोत्सव के मुख्य दिन यानी 11 मार्च को सुबह 10 बजे से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा। दोपहर 12 बजे भगवान को छप्पन भोग लगाया जाएगा, जिसके बाद भव्य महाआरती होगी और भक्तों में प्रसाद वितरण किया जाएगा।

हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद

गुरुवार को संकटमोचन हनुमान मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता में महंत बाबूगिरीजी महाराज ने आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि इस आयोजन को लेकर पूरे कारोई और आसपास के क्षेत्र में भारी उत्साह है। मंदिर के मीडिया प्रभारी विकास त्रिपाठी ने बताया कि हजारों की संख्या में उमड़ने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455


Similar News