फर्जी ‘Pending Challan’ मैसेज से सावधान, साइबर ठगों का नया जाल; राजस्थान पुलिस ने जारी किया अलर्ट
अगर आपके मोबाइल पर भी ‘Pending Challan’ यानी बकाया ट्रैफिक चालान का मैसेज आया है तो सतर्क हो जाएं। राजस्थान पुलिस ने प्रदेशभर के लोगों को एक नए साइबर फ्रॉड को लेकर चेतावनी दी है। ठग अब ट्रैफिक पुलिस के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को मैसेज भेज रहे हैं और एक छोटी सी गलती से लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं।
कैसे किया जाता है साइबर फ्रॉड
साइबर अपराधी आम लोगों को डराने के लिए उनके मोबाइल पर एक मैसेज भेजते हैं जिसमें लिखा होता है कि आपके वाहन का ट्रैफिक चालान पेंडिंग है। इस मैसेज के साथ एक संदिग्ध लिंक या APK फाइल भी भेजी जाती है।
मैसेज में दावा किया जाता है कि इस लिंक पर क्लिक करके आप चालान जमा कर सकते हैं या अपनी RC की जानकारी अपडेट कर सकते हैं।
जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है या APK फाइल डाउनलोड करता है, मोबाइल फोन में मैलवेयर इंस्टॉल हो सकता है। इसके बाद हैकर्स को फोन की जानकारी और बैंकिंग डिटेल्स तक पहुंच मिल सकती है और बैंक खाते से पैसे निकलने का खतरा बढ़ जाता है।
राजस्थान पुलिस की लोगों को सलाह
राजस्थान पुलिस ने लोगों को सावधान रहने के लिए कुछ जरूरी बातें बताई हैं।
निजी नंबर से आए मैसेज पर भरोसा न करें
अगर चालान का मैसेज किसी निजी मोबाइल नंबर से आता है तो वह फर्जी हो सकता है।
संदिग्ध लिंक से दूरी रखें
SMS में दिए गए किसी भी शॉर्ट लिंक या अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
OTP या बैंक जानकारी साझा न करें
ट्रैफिक पुलिस या कोई भी सरकारी विभाग फोन पर OTP, पिन या बैंक डिटेल्स नहीं मांगता।
केवल सरकारी वेबसाइट से ही जांच करें
अपने वाहन का चालान चेक करने के लिए केवल भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in
का ही इस्तेमाल करें।
ठगी हो जाए तो क्या करें
अगर कोई व्यक्ति इस तरह की साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो तुरंत कार्रवाई करना जरूरी है।
सबसे पहले 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें।
साथ ही राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार आज के डिजिटल दौर में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। किसी भी अनजान मैसेज, लिंक या ऐप पर भरोसा करने से पहले उसकी जांच जरूर करें।
भीलवाडा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए समाचार प्रेम कुमार गढवाल Email - bhilwarahalchal@gmail.com
व्हाट्सएप - 9829041455 विज्ञापन - विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क - भीलवाडा हलचल कलेक्ट्री रोड,नई शाम की सब्जी मंडी भीलवाडा
