हमीरगढ़ में गैस सप्लाई को लेकर अफवाहों पर प्रशासन सख्त, स्टॉक भरपूर उपलब्ध

Update: 2026-03-15 12:40 GMT

हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी) कस्बे में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैली अफवाहों के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आमजन से अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में गैस की सप्लाई पूरी तरह नियमित है और एजेंसी पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जानकारी के अनुसार एसडीएम झंवर लाल मित्तल ने हमीरगढ़ बालाजी भारत गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर पूरे स्टॉक की जांच की। उन्होंने उपलब्ध गैस सिलेंडरों का सत्यापन करते हुए संबंधित रिपोर्ट अपने साथ ली तथा सप्लाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। इस दौरान उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इसी क्रम में थाना सीआई सुनील कुमार ने भी गैस एजेंसी पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और सप्लाई की स्थिति की जानकारी ली। हमीरगढ़ बालाजी भारत गैस संचालक बालकृष्ण मुंदडा ने कहा की हमारे पास पर्याप्त स्टॉक है । हमीरगढ़ क्षेत्र के भारत गैस के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है की कृपया अनावश्यक रूप से पैनिक बुकिंग न करें। अपना गैस सिलेंडर किसी अन्य व्यक्ति को न दें,क्योंकि अगली डिलीवरी अब 45 दिन के अंतराल पर होगी।प्रशासन ने भी हमीरगढ़ के नागरिकों से अपील की है कि वे घबराहट में अनावश्यक भीड़ या अतिरिक्त सिलेंडर लेने से बचें तथा किसी भी तरह की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि गैस की सप्लाई सुचारू रूप से जारी रहेगी और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध करवाई जाएगी।

Similar News