डीजे की धुन पर झूमीं बहनें, दुर्गा शक्ति अखाड़ा ने मनाया होली महोत्सव

Update: 2026-03-15 13:10 GMT

भीलवाड़ा । होली के पावन पर्व पर पूरे राजस्थान में रंगों की धूम देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में भीलवाड़ा में दुर्गा शक्ति अखाड़ा द्वारा होली महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें शहर की हजारों बहनों और मातृशक्तियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।

नेहरू रोड स्थित मालियों के नोहरे में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने डीजे की धुन पर जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। पूरे आयोजन के दौरान माहौल रंगों, संगीत और उत्साह से सराबोर नजर आया।

अखाड़े के प्रमुख ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दुर्गा शक्ति अखाड़ा द्वारा होली महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें शहर की हजारों बहनों और मातृशक्तियों ने भाग लेकर कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत हरी सेवा धाम के महामंडलेश्वर स्वामी हंसाराम जी ने की। उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश में हो रहे महिला अत्याचार को रोकने के लिए सभी को आगे आना होगा। साथ ही उन्होंने महिलाओं को अपनी सुरक्षा के लिए आत्मरक्षा और अस्त्र-शस्त्र चलाना सीखने की भी प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के समापन पर सभी बहनों और मातृशक्तियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।

Similar News