हरनी महादेव में उमड़ा लोक संस्कृति का सैलाब: ‘रंगीलो राजस्थान’ में राजस्थानी रंगत से सराबोर हुआ भीलवाड़ा

Update: 2026-04-08 09:35 GMT

भीलवाड़ा हलचल। शहर के सांस्कृतिक परिदृश्य में एक नया अध्याय जोड़ते हुए वाइब्स क्लब (Vibezzz Club) द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम ‘रंगीलो राजस्थान’ का आयोजन हरनी महादेव स्थित एक निजी होटल में बड़े ही शानदार तरीके से संपन्न हुआ। इस उत्सव ने राजस्थान की समृद्ध लोक परंपराओं को जीवंत करते हुए कला, संस्कृति और उत्साह का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व क्लब की चेयरपर्सन डॉ. अर्चना अग्रवाल एवं प्रेसिडेंट ज्योति आर्य ने किया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. श्वेता बोहरा, डॉ. पूनम चौहान, शालू अग्रवाल, डॉ. प्रीति बोहरा, प्रीति सिंह और दिव्या संगतानी की टीम ने प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब की विशेष नृत्य प्रस्तुति 'खम्मा घणी' के साथ हुआ। इसके पश्चात संगीत कला केंद्र की प्रस्तुतियों और ‘डीकेडी टीवी फेम’ अनुष्का त्रिपाठी, दिव्यांशी बेरीवाला व भीलवाड़ा डांस चैंपियनशिप विनर दर्शिता सोनी के प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रतियोगिता में प्रतिभाओं का प्रदर्शन

लोक नृत्य प्रतियोगिता में कुल 9 टीमों (6 एडल्ट और 3 स्टूडेंट) ने पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। निर्णायक मंडल में अनूप महेश्वरी, गणेश, रिद्धिमा मालानी और संध्या मौजूद रहे। प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे:

एडल्ट टीम: विजेता- 'रजवाड़ी रंगीलो सिस्टर', रनर अप- 'रजवाड़ी सोनिया' (कैश प्राइज प्रदान किया गया)।

स्टूडेंट टीम: विजेता- 'रंगमंच रोकर्स', रनर अप- 'फोक फ्यूजन फ्लेम'।

मीना बाजार और राजस्थानी व्यंजन

जीतो चेयरपर्सन व मेंटर नीता बाबेल ने बताया कि आयोजन में सजाया गया ‘मीना बाजार’ मुख्य आकर्षण रहा, जहाँ लोगों ने पारंपरिक वस्तुओं की खरीदारी की और राजस्थानी व्यंजनों का आनंद लिया। कार्यक्रम में लकी ड्रा स्पॉन्सर 'द मिरर ब्यूटी एकेडमी एंड सैलून' द्वारा उपहार दिए गए, वहीं हर्षा कटियार ने 'प्लांट्स लवर सोसाइटी' की ओर से सभी कार्यकर्ताओं को पौधे भेंट किए। अंत में आयोजकों ने इसे नई पीढ़ी तक लोक कला पहुँचाने का एक सराहनीय कदम बताया।

Tags:    

Similar News