रेणवास में 17 अप्रैल को फूलडोल महोत्सव और छप्पन भोग का भव्य आयोजन
सवाईपुर (सांवर वैष्णव)। सवाईपुर क्षेत्र के रेणवास गांव में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आगामी शुक्रवार, 17 अप्रैल को श्री लक्ष्मीनाथ फूलडोल महोत्सव एवं छप्पन भोग का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक उत्सव को लेकर ग्रामीणों और आयोजक समिति में भारी उत्साह है और तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
शोभायात्रा और छप्पन भोग
आयोजक समिति एवं समस्त ग्राम वासियों ने जानकारी दी कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्री लक्ष्मीनाथ भगवान के सानिध्य में यह आयोजन होगा। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे लक्ष्मीनाथ मंदिर से भव्य शोभायात्रा के साथ होगी। गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ भगवान की सवारी गांव के प्रमुख मार्गो से होकर गुजरेगी। भक्त जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत करेंगे। रात्रि 8 बजे शोभायात्रा राम चौक पहुंचेगी, जहां भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे।
विशाल भजन संध्या में उमड़ेगा सितारों का रेला
रात्रि 9:15 बजे से विशाल भजन संध्या का आगाज होगा, जिसमें राजस्थान के ख्यातनाम कलाकार अपनी सुरीली आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। भजन गायक जगदीश वैष्णव (मुंगाना), अनिल नागौरी (बीकानेर), ममता वाजपेयी (जयपुर), पूरण गुर्जर (राजसमंद), लज्जु चौहान (पाली), श्रवण सेंदरी (टोंक) और तेजपाल नरवर (अजमेर) भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।
नृत्य और मंच संचालन
भजनों के साथ-साथ गरिमा चौपड़ा, सोनू सैनी, पूजा कोटा, अनोखी राजस्थानी, पलक जयपुर, अंकित और पायल द्वारा राजस्थानी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। पूरे कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन रमेशचंद्र सुठेपा द्वारा किया जाएगा। वर्तमान में फूलडोल कमेटी और ग्रामीण आयोजन को सफल बनाने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं।