बजरी माफियाओं का आतंक: लसाडिया में ट्रैक्टर की टक्कर से किसान की भैंस घायल, ग्रामीणों में भारी रोष

Update: 2026-04-11 06:30 GMT

बागौर। क्षेत्र के लसाडिया गांव में इन दिनों बजरी माफियाओं के बढ़ते आतंक ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। अवैध बजरी परिवहन में लगे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा शुक्रवार को घटित हुआ, जिससे पूरे गांव में आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी प्रभु लाल सुथार (पिता बक्षु लाल) की भैंस अपने खेत से घर की ओर आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में बजरी से भरी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने भैंस को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में भैंस का पिछला पैर बुरी तरह से टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बजरी माफिया बेखौफ होकर वाहनों का संचालन कर रहे हैं, जिससे राहगीरों और पशुओं की जान पर हर समय खतरा बना रहता है। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव से गुहार लगाई है कि लसाडिया गांव और आसपास के क्षेत्रों में अवैध बजरी खनन व परिवहन पर लगाम कसी जाए। ग्रामीणों ने मांग की है कि माफियाओं के खिलाफ जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई कर गांव को इस आतंक से मुक्त कराया जाए।

Tags:    

Similar News