कोटड़ी श्याम के दरबार में कल सजेगा भव्य फागोत्सव: पलाश के फूलों और केसरिया जल से होली खेलेंगे ठाकुरजी
सवाईपुर (सांवर वैष्णव) । मेवाड़ के सुप्रसिद्ध आस्था धाम श्री कोटड़ी चारभुजा नाथ मंदिर में बुधवार, शीतला अष्टमी के पावन अवसर पर भव्य फाग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुदर्शन गाडोदिया ने बताया कि महोत्सव की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। कल सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक भक्त अपने आराध्य के साथ मर्यादा में रहकर होली के रंगों में सराबोर होंगे।
प्राकृतिक रंगों और परंपरा का संगम
इस वर्ष फागोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता ठाकुरजी का पारंपरिक श्रृंगार और प्राकृतिक रंगों का उपयोग है। श्रद्धालु जंगलों से चुनकर लाए गए पलाश के फूलों और गेहूं की सुनहरी बालियों से प्रभु का विशेष 'बागा' तैयार कर उन्हें धारण कराएंगे। पलाश के फूलों को उबालकर बनाए गए प्राकृतिक केसरिया जल और गुलाल से ठाकुरजी भक्तों संग होली खेलेंगे। मंदिर प्रशासन ने पक्के रंगों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है और भक्तों से गरिमा बनाए रखने की अपील की है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और महाप्रसाद
महोत्सव में विख्यात भजन गायक गोकुल शर्मा, राजू रावल, पूरण गुर्जर, युवराज वैष्णव और दिनेश राठौड़ फाग गीतों की प्रस्तुतियां देंगे। श्रद्धालुओं के लिए विशाल स्तर पर प्रसादी की व्यवस्था की गई है, जिसमें 1100 लीटर दूध और मेवों से बना 'मीठा ओलिया', केसरिया ठंडाई, माखन-मिश्री और गुड़-चूरमा वितरित किया जाएगा। दरबार को 251 किलो फूलों से सजाया गया है और उत्सव के लिए 500 किलो गुलाल का उपयोग होगा।