भीलवाड़ा । भारत विकास परिषद् की भगत सिंह शाखा के आगामी सत्र 2026-2027 के लिए नवीन कार्यकारिणी का चयन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत संपन्न हुआ। पर्यवेक्षक शारदा चेचाणी के निर्देशन में आयोजित इस चयन प्रक्रिया में सर्वसम्मति से कुलदीप माथुर को अध्यक्ष, मुकेश छीपा को सचिव और दीपक तुर्किया को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त अध्यक्ष कुलदीप माथुर ने भविष्य की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि आगामी वर्ष में शाखा सेवा कार्यों और नए नवाचारों पर विशेष ध्यान केंद्रित करेगी। उन्होंने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए एकजुटता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
निवर्तमान सचिव दीपेश खंडेलवाल ने सदन के समक्ष गत वर्ष के दौरान संपादित किए गए विभिन्न सेवा प्रकल्पों और कार्यक्रमों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। साथ ही, निवर्तमान कोषाध्यक्ष कमलेश लाठी ने पिछले सत्र के आय-व्यय का लेखा-जोखा सदन के पटल पर रखा।
नवनियुक्त सचिव मुकेश छीपा ने भविष्य की कार्ययोजना साझा करते हुए बताया कि शाखा द्वारा आगामी वर्ष में रक्तदान शिविर (ब्लड कैंप) और चिकित्सा शिविरों के आयोजन के साथ-साथ अन्य सेवा कार्यों पर सर्वाधिक जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही वर्तमान में संचालित सभी प्रकल्पों को पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ जारी रखने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में प्रांतीय पदाधिकारी और शाखा के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।