आसींद में मेडिकल स्टोर में भीषण आग, 5 लाख की नगदी सहित 27 लाख का का माल जलकर राख , साजिश की आशंका

Update: 2025-08-23 17:37 GMT


  भीलवाड़ा जिले के आसींद कस्बे में शनिवार तड़के नव-भारत मेडिकल स्टोर में लगी भीषण आग ने लाखों रुपये की संपत्ति को राख कर दिया। इस घटना में 15 लाख रुपये की दवाइयाँ, 7 लाख रुपये का फर्नीचर व उपकरण और 5 लाख रुपये की नकदी जलकर नष्ट हो गई। दुकान मालिक ने इसे साजिश करार देते हुए फोरेंसिक जांच की मांग की है।

दुकान मालिक प्रभुलाल गुर्जर के अनुसार, उन्होंने रात 9:30 बजे दुकान बंद कर घर गए थे। सुबह करीब 4:30 बजे पड़ोसियों ने फोन कर आग लगने की सूचना दी। अग्निशमन दल और पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सारा सामान जल चुका था। नष्ट हुए सामान में काउंटर, फर्नीचर, कंप्यूटर, प्रिंटर, फ्रीज और सीसीटीवी कैमरे शामिल हैं।

प्रभुलाल ने आसींद पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में आग को सुनियोजित साजिश का हिस्सा बताया। उनका कहना है कि सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क की फोरेंसिक जांच से सच सामने आ सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है, लेकिन साजिश के आरोपों के चलते पुलिस हर पहलू की पड़ताल कर रही है।

स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में इस घटना को लेकर आक्रोश है। वे इसे सुनियोजित मानकर प्रशासन से निष्पक्ष जांच और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। यह घटना आसींद के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि मेडिकल स्टोर स्थानीय लोगों के लिए आवश्यक दवाओं का प्रमुख स्रोत था।

Similar News