अस्पताल के बाहर अव्यवस्था: झाड़ियों से ढके नाले में गिरी गाय, प्रशासन की अनदेखी से ग्रामीणों में आक्रोश

Update: 2026-04-10 10:45 GMT

गुरला (बद्री लाल माली) । विश्व विख्यात ज्योतिष नगरी कारोई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अस्पताल परिसर के मुख्य द्वार के पास उगी घनी झाड़ियों और गंदगी के कारण पास ही स्थित पानी निकासी का नाला अब पूरी तरह अदृश्य हो चुका है। शुक्रवार को इसी झाड़ियों से ढके खुले नाले में एक मवेशी अचानक गिर गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां एकत्रित हुए और कड़ी मशक्कत कर मवेशी को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, नाले में गिरने के कारण मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गई और काफी समय तक बेसुध रही। ग्रामीणों ने बताया कि झाड़ियां इतनी अधिक फैल चुकी हैं कि राहगीरों और मवेशियों को नाले की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जो किसी बड़े हादसे को खुला निमंत्रण दे रहा है।

अधिकारियों की चुप्पी पर उठे सवाल

ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या और अस्पताल के बाहर व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों एवं स्थानीय प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन की इसी अनदेखी के चलते स्थानीय लोगों में भारी असंतोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही झाड़ियों की छंटाई और नाले की सफाई नहीं कराई गई, तो उन्हें आंदोलन का मार्ग अपनाना पड़ेगा।

Tags:    

Similar News