आटूण में मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनेगा चारभुजानाथ का फूलडोल महोत्सव
आटूण (भीलवाड़ा हलचल)। क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल आटूण में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आराध्य देव चारभुजाजी महाराज का भव्य फूलडोल महोत्सव रंगतेरस, 17 मार्च को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पुजारी मदनलाल वैष्णव ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव का मुख्य आकर्षण भगवान का बेवाण होगा। मंगलवार शाम को मंदिर में विशेष संध्या आरती का आयोजन किया जाएगा। आरती के पश्चात भगवान चारभुजानाथ बैण्ड-बाजों और ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ बेवाण में विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे।
भजनों की धुन पर झूमेंगे श्रद्धालु
शोभायात्रा के दौरान भक्तजन भजनों की स्वर लहरियों पर नाचते-गाते और एक-दूसरे पर अबीर-गुलाल उड़ाते हुए चलेंगे। पूरा वातावरण 'चारभुजानाथ की जय' के जयकारों से गुंजायमान रहेगा। बेवाण भ्रमण के दौरान मार्ग में स्थित बालाजी मंदिर और सत्यनारायण मंदिर पर विशेष आरती उतारी जाएगी, जहां उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
देर रात तक सजेगी भजनों की महफिल
नगर भ्रमण के पश्चात बेवाण पुनः बड़े मंदिर के चौक में पहुंचेगा। यहाँ 'प्रभु इच्छा' तक विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय कलाकार भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।