शिव महापुराण कथा: भीलवाड़ा में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, घर-घर पीले चावल बांटेंगी महिला कार्यकर्ता

Update: 2026-03-16 11:10 GMT

भीलवाड़ा। धर्मनगरी भीलवाड़ा में आगामी 8 से 14 अप्रैल तक आयोजित होने वाली प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा को लेकर तैयारियां परवान पर हैं। संकटमोचन हनुमान मंदिर के महन्त बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में होने वाले इस भव्य आयोजन में मातृशक्ति की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रविवार को कथा आयोजन समिति के कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।

समिति के कार्यालय प्रभारी रजनीकांत आचार्य ने विधायक अशोक कोठारी एवं कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी के नेतृत्व में चल रही तैयारियों का ब्यौरा साझा किया। महिला संयोजक मंजू पोखरना एवं अल्का जोशी ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए भीलवाड़ा की महिलाएं सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

बैठक के मुख्य निर्णय:

पीले चावल का वितरण: कथा के लिए शहरवासियों को आमंत्रित करने हेतु महिला कार्यकर्ता घर-घर जाकर पीले चावल बांटेंगी।

क्षेत्रवार समितियां: प्रत्येक क्षेत्र के लिए महिला समितियों का गठन किया गया है। हर 100 घरों पर एक प्रभारी नियुक्त होगा, जो परिवारों को कथा से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

भव्य कलश यात्रा: कथा की पूर्व संध्या पर 7 अप्रैल को शाम 4 बजे चित्रकूटधाम से विशाल कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए संकट मोचन हनुमान मंदिर पहुंचेगी।

बैठक के दौरान मंच पर महासचिव पीयूष डाड, कन्हैयालाल स्वर्णकार, गोपी कृष्ण पाटोदिया सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित थे। इस दौरान ममता शर्मा, मंजू तंबोली, साधना सोनी और कृष्णा माहेश्वरी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों की 200 से अधिक महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं, जिन्होंने आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

Tags:    

Similar News