भारतवर्षीय दिगंबर जैन महासंघ का दो दिवसीय वार्षिकोत्सव संपन्न, नवयुवक मंडल ने ली शपथ
भीलवाड़ा हलचल। सांगानेर रोड स्थित सोना रिसॉर्ट में आयोजित भारतवर्षीय दिगंबर जैन महासंघ, भीलवाड़ा इकाई का दो दिवसीय वार्षिकोत्सव सोमवार को नवयुवक मंडल के शपथ ग्रहण समारोह के साथ हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। 14 और 15 मार्च को आयोजित इस कार्यक्रम में समाज की सांस्कृतिक प्रतिभाओं के संगम के साथ-साथ सेवा कार्यों की भी झलक देखने को मिली।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बंधा समां
उत्सव के प्रथम दिन का शुभारंभ महिला मंडल के निर्देशन में हुआ। समाज की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत भव्य मंगलाचरण ने आध्यात्मिक माहौल बना दिया। इसके पश्चात बालक-बालिकाओं ने विचित्र वेशभूषा और एकल नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रथम दिन के आकर्षण का केंद्र महिला मंडल द्वारा मंचित नाटिका रही, जिसकी उपस्थित जनसमूह ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
रक्तदान शिविर में दिखा उत्साह, 40 यूनिट रक्त संग्रहित
वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन सेवा भाव की मिसाल पेश करते हुए रामस्नेही चिकित्सालय की टीम के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में समाज के पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसके फलस्वरूप लगभग 40 यूनिट रक्त का संग्रहण हुआ। साथ ही महिला मंडल द्वारा मांडना, कलश सजाओ और प्लासना बनाओ जैसी पारंपरिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
प्रमुख अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रमेश जैन तिजारिया ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री सोहन गंगवाल, उपाध्यक्ष श्री प्रेम कुमार जैन जहाजपुर, जिला अध्यक्ष श्री राजेंद्र गोयल, और महिला मंडल अध्यक्षा श्रीमती चंचल गोयल मंचासीन रहे। अतिथि के तौर पर अग्रवाल समाज संपत्ति ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री पवन खेमका, मंत्री मुकेश, अग्रवाल समाज 84 के श्री नवरतमल और हेमराज जैन आदि उपस्थित रहे।
नवयुवक मंडल का शपथ ग्रहण
समारोह के समापन अवसर पर नवगठित नवयुवक मंडल का शपथ ग्रहण हुआ। अध्यक्ष पारस जैन के नेतृत्व में पूरी टीम को राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का कुशल संचालन महासंघ के मंत्री नवल जैन ने किया।
