मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना को मिल रहा जबरदस्त प्रतिसाद, 10 दिनों में 5 हजार से अधिक आवेदन
भीलवाड़ा। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के प्रति प्रदेशभर में युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। योजना शुरू होने के करीब 10 दिनों के भीतर ही 5 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। वहीं भीलवाड़ा जिले से कुल 144 आवेदन आए हैं।
इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के एक लाख युवाओं को स्वयं का उद्योग स्थापित करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। इसके अंतर्गत विनिर्माण, सेवा एवं व्यापार सेक्टर में सूक्ष्म उद्यमों की स्थापना के लिए 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा ऋण पर लगने वाले ब्याज का शत-प्रतिशत पुनर्भरण किया जाएगा।
योजना में 50 हजार रुपये तक की मार्जिन मनी तथा सीजीटीएमएसई यानी सूक्ष्म और लघु उद्यम क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट शुल्क के पुनर्भरण का भी प्रावधान किया गया है, जिससे युवाओं को उद्यम स्थापना में अतिरिक्त सहारा मिलेगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 12 जनवरी को इस योजना का शुभारंभ किया था, जबकि 15 जनवरी को उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा इसकी गाइडलाइन जारी की गई। उद्योग एवं वाणिज्य आयुक्त सुरेश कुमार ओला ने बताया कि राज्य के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना को लेकर युवाओं की प्रतिक्रिया काफी उत्साहजनक रही है।
उन्होंने बताया कि 22 जनवरी से आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई थी और अब तक कुल 5,089 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। जिला महाप्रबंधकों द्वारा आवेदनों की जांच के बाद ऋण स्वीकृति एवं वितरण के लिए इन्हें शीघ्र ही संबंधित बैंकों को अग्रेषित किया जाएगा।
