भीलवाड़ा - जिले की पंजीकृत गौशालाओं को पिछले तीन माह से स्वीकृत अनुदान राशि नहीं मिलने के कारण गौ-संचालकों के सामने चारे-पानी का संकट खड़ा होने लगा है।
गौरक्षक संघ के संयोजक एवं मालोला रोड स्थित श्री पशुपति नाथ महादेव गौशाला के अध्यक्ष हरिभोजा गुर्जर ने इस संबंध में सरकार से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है।
हरिभोजा गुर्जर ने बताया कि वर्तमान में गेहूं का नया खाखला (तूड़ी) आने का समय हो गया है। साल भर के चारे का स्टॉक करने के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण समय होता है, लेकिन सरकार द्वारा गौशालाओं का पिछले तीन महीने का स्वीकृत अनुदान अभी तक खातों में ट्रांसफर नहीं किया गया है। बजट के अभाव में गौशाला संचालक आगामी सीजन के लिए चारे का प्रबंध करने में असमर्थ महसूस कर रहे हैं।
व्यवस्थापक रवि कुमार गुर्जर ने बताया कि जिला प्रशासन और राज्य सरकार से अनुरोध किया है कि जिले की सभी पंजीकृत गौशालाओं का अटका हुआ अनुदान तुरंत जारी किया जाकर अनुदान राशि सीधे गौशालाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाए ताकि बेसहारा गौवंश के भरण-पोषण में कोई बाधा न आए।