चैत्र नवरात्र में दर्शन को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
लाडपुरा ( शिव लाल जांगिड़ ) चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दूर से आए भक्त माता रानी के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है और “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
नवरात्र के चलते मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। संस्थान द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए पेयजल, छाया, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं सुचारू रूप से की गई हैं, जिससे दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा।
संस्थान अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने बताया कि चैत्र नवरात्र के अवसर पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी भक्तों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि हर श्रद्धालु सहज और सुरक्षित तरीके से माता के दर्शन कर सके।
मंदिर परिसर में चल रहे धार्मिक कार्यक्रमों के चलते पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।