चैत्र नवरात्र पर जोगणियां माता शक्तिपीठ पर दर्शनों के लिए उमड़ा सैलाब

By :  vijay
Update: 2026-03-24 10:27 GMT


 

लाडपुरा ( शिव लाल जांगिड़ ) क्षेत्र स्थित मेवाड़ के प्रमुख श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ मंदिर परिसर में नवरात्र पर पंचकुंडीय शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं। नवरात्र के दौरान माता के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है। संस्थान अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने बताया कि महायज्ञ के अंतर्गत श्रीमद् देवी भागवत मूल पारायण, रामचरितमानस पारायण तथा महामंत्र जप जैसे पवित्र अनुष्ठान विधि विधान एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हो रहे हैं। जोगणियां माता के दर्शन के लिए प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पदयात्रियों के लिए मार्ग में जगह जगह लंगर लगाए गए हैं। मंदिर संस्थान की ओर से भीषण गर्मी को देखते हुए छाया, पेयजल और सुचारू दर्शन के लिए विशेष प्रबंध किए गए है।

नवरात्र महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। इसी क्रम में जोगणियां माता के रामलीला मैदान में स्थापित रंगमंच पर वृन्दावन के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित भव्य रामलीला का मंचन किया गया। प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से आयोजित हो रही इस रामलीला को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।

जोगणियां माता शक्तिपीठ में चैत्र नवरात्र महोत्सव के तहत 26 मार्च गुरुवार को दुर्गा अष्टमी का महा रात्रि जागरण आयोजित होगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए रातभर माता के दर्शन खुले रहेंगे। मन्दिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान होंगे, वहीं रंगमंच पर प्रसिद्ध लोक कलाकारों द्वारा भक्ति व लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

नवरात्र महोत्सव का समापन 27 मार्च को यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ होगा। मेले के दौरान श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए झूले, चकरी तथा विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई गई।

Similar News

भव्य स्वागत के बीच विश्वबंधु सिंह राठौड़ की हुंकार:: "सरकार की दमनकारी नीतियों से ट्रांसपोर्टर अब आत्महत्या की कगार पर"