उप मुख्यमंत्री डॉ.बैरवा ने गिनाई दो साल की उपब्धियां, तीखें सवालों पर दिये गोलमाल जवाब

Update: 2025-12-13 10:32 GMT

भीलवाड़ा। राज्‍य सरकार के दो सालों की उपलब्धियां बताते हुए उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि भाजपा विकास कार्य करने की नीति और नीयत रखती है। इसी के चलते दो सालों में हर स्तर पर उपलब्धियां हासिल की है। उपलब्धियां बताने के बाद डॉ.बैरवा जाने लगे तो उनसे पत्रकारों ने सवालों के जवाब देने की बात कही। तीखे सवालों के जवाब डॉ.बैरवा गोलमाल देते नजर आये।

उप मुख्यमंत्री बैरवा ने प्रदेश में नारी शक्ति के विकास, उद्योग, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और विद्युत से लेेकर हर विभाग के आंकड़े बताये और डबल ईंजन की सरकार की उपब्धियों का बखान किया। भीलवाड़ा के विकास कार्यों को भी उन्होंने विस्तार से बताया। खनन क्षेत्र में 112 विकास कार्यों की बात कही। शहर में मान सरोवर झील, गांधीसागर और सांगानेर तालाब के विकास की योजनाएं भी बताई और अवैध खनन पर लगाम लगाने की बात भी कही।

उपलब्धियां बताने के बाद उप मुख्यमंत्री जाने लगे तो पत्रकारों ने उन्हें टोंका और उनसे सवाल जवाब करने लगे। शहर के उद्योगों के पलायन को लेकर किये सवाल का बैरवा कोई ठोस जवाब नहीं दे पाये। इसी तरह बिजली को लेकर आ रही समस्या को भी पत्रकारों ने उठाया। वहीं पुलिस अधिकारी दिव्या को लेकर सवाल किया तो वे कुछ ठोस नहीं पता पाये।

दो साल में बिना पेपर लीक 296 परीक्षाएं, राइजिंग राजस्थान से खुले नए निवेश के रास्ते

सरकार ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए अपने दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। सरकार की ओर से कहा गया कि इस दौरान कुल 296 परीक्षाएं आयोजित की गईं, लेकिन एक भी परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ। इसे पारदर्शी और मजबूत परीक्षा व्यवस्था का बड़ा उदाहरण बताया गया।

सरकार ने राइजिंग राजस्थान कार्यक्रम को अब तक का सबसे बड़ा निवेश आयोजन करार दिया। इस कार्यक्रम के जरिए करीब 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए, जिनमें से लगभग 25 प्रतिशत समझौते जमीन पर उतर चुके हैं। सरकार का कहना है कि इतने बड़े स्तर पर एमओयू का क्रियान्वयन एक बड़ी उपलब्धि है और इससे राज्य में रोजगार और उद्योग को बढ़ावा मिला है।

बीते दो वर्षों में सरकार ने करीब 22 नई नीतियां लॉन्च कीं, जिनका मकसद निवेश, उद्योग, रोजगार और विकास को गति देना रहा। इसके साथ ही बड़े स्तर पर प्रवासी राजस्थान कार्यक्रम का आयोजन कर प्रवासी राजस्थानियों को राज्य के विकास से जोड़ा गया।

सरकार का दावा है कि इन पहलों के चलते राजस्थान में निवेश और विकास की नई संभावनाएं खुली हैं और राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

लॉटरी को लेकर उठा सवाल

उप मुख्यमंत्री से नगर विकास न्यास द्वारा भूखंड आवंटन लॉटरी में हुई गड़बडिय़ों को लेकर सवाल किया गया कि न्यायालय में न्यास ने जो जवाब पेश किया है उसमें भीलवाड़ा के लोगों को असामाजिक तत्व बताया गया है। इस पर डॉ.बैरवा ने कहा कि अगर ऐसा है तो मामले की जांच करवाई जाएगी और कोई दोषी है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लॉटरी से जुड़ा एक अन्य सवाल शहर के 90 हजार लोगों के अरबों रुपए फंसे है उनका क्या होगा, इस पर बैरवा ने कहा कि जांच के बाद ही कुछ हो पाएगा। लॉटरी के मामले में उप मुख्यमंत्री से तीखे सवाल भी किये गए लेकिन वे हर सवाल का जवाब जांच की कहकर टालते गये।

इस मौके पर सांसद दामोदर अग्रवाल, जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा आदि भी मौजूद थे। 

Tags:    

Similar News