जयपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में एसीबी जयपुर ग्रामीण ने ग्राम पंचायत बाजवास (पंचायत समिति परबतसर, जिला डीडवाना-कुचामन) के प्रशासक/सरपंच राजेन्द्र प्रसाद मोयल को रंगे हाथों 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उन्होंने धरोहर राशि लौटाने के बहाने अवैध कमीशन की मांग की।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि शिकायत में कहा गया कि वर्ष 2024-25 में परिवादी को ग्राम पंचायत बाजवास में सामग्री आपूर्ति का टेंडर मिला था, जिसकी अवधि 31 मार्च 2025 को समाप्त हो गई थी। सामग्री का भुगतान तो हो गया, लेकिन ग्राम पंचायत में जमा 2 लाख रुपए की धरोहर राशि वापस नहीं की जा रही थी।
परिवादी ने कई बार प्रार्थना पत्र और रिमाइंडर दिए, लेकिन आरोपी ने 1 लाख रुपए की रिश्वत की मांग कर दी। शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
जाल बिछाकर पकड़ा
एसीबी की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार को सांचौर चौराहा, परबतसर क्षेत्र में एएसपी सुनील सियाग के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए सरपंच को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
एसीबी के अनुसार, मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान जारी है।
