भूल ने ली युवक की जान,: पानी समझकर पी लिया कीटनाशक, मानपुरा गांव में पसरा मातम
भीलवाड़ा BHN जिले के मानपुरा गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। खेत पर रखी बोतल में भरी कीटनाशक दवा को पानी समझकर पी लेने से एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना मांडलगढ़ थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मानपुरा निवासी हरीलाल पुत्र गोटूलाल जाट दो फरवरी को फसल की रखवाली के लिए खेत पर गया था। खेत पर बनी टपरी में फसल पर छिड़काव के लिए पानी में मिलाकर रखी गई कीटनाशक दवा एक बोतल में रखी हुई थी। प्यास लगने पर हरीलाल ने उसी बोतल को पानी समझकर पी लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है ।