नाबालिग ने की रेलवे टेक्नीशियन की हत्या, पुलिस जांच में सामने आया चौंकाने वाला दावा

Update: 2026-02-05 08:29 GMT

 नई दिल्ली में इंडियन रेलवे में कार्यरत टेक्नीशियन संदीप कुमार मालवीय की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार इस घटना में शामिल 17 वर्षीय किशोर ने पूछताछ में दावा किया है कि संदीप ने उसके साथ जबरदस्ती गलत काम करने की कोशिश की थी, जिसके बाद विवाद हिंसा में बदल गया और हत्या हो गई।

पुलिस का कहना है कि किशोर ने बताया कि वह पैसे मांगने के लिए संदीप के साथ कमरे में गया था। वहां पहुंचने पर संदीप ने कथित तौर पर उसका फायदा उठाने की कोशिश की। किशोर ने विरोध किया तो दोनों के बीच हाथापाई हो गई। इसी दौरान उसने कमरे में रखा गैस सिलिंडर उठाकर संदीप के सिर पर वार किया और फिर टूटे कांच से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया।

पुलिस ने इस मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज से शुरू की। आसपास लगे कैमरों में एक लड़का संदीप के साथ ऑटो में जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद संदीप के बैंक खाते की जांच की गई तो सामने आया कि मौत के बाद खाते से पैसे निकाले गए थे। इन सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने मंदिर मार्ग इलाके में दबिश देकर किशोर को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर मोबाइल फोन, कपड़े और अन्य अहम सबूत भी बरामद किए गए हैं।

यह मामला दो फरवरी को सामने आया था, जब गुलाबी बाग इलाके की रेलवे कॉलोनी सब्जी मंडी क्षेत्र से एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि शव अर्धनग्न हालत में था और उसका चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।

बाद में शव की पहचान रेलवे कॉलोनी किशनगंज निवासी 39 वर्षीय संदीप कुमार मालवीय के रूप में हुई। परिवार वालों ने बताया कि वह 25 जनवरी से लापता थे और इस संबंध में उनके भाई ने पहाड़गंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 27 जनवरी को उनकी बाइक आर के आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी मिलने की सूचना भी मिली थी। परिजनों ने यह भी बताया कि संदीप ने रेलवे कॉलोनी के सब्जी मंडी इलाके में एक कमरा किराए पर ले रखा था। जब परिवार के लोग वहां पहुंचे तो बाहर से ताला लगा मिला। दरवाजा तोड़ने पर अंदर संदीप का शव पड़ा था, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह मंदिर मार्ग इलाके में अपने पुराने दोस्तों से मिलने आता जाता था। 25 और 26 जनवरी की रात वह पहाड़गंज इलाके में एक बार के बाहर घूम रहा था, तभी उसकी मुलाकात संदीप से हुई। पैसे मांगने के बाद संदीप उसे अपने कमरे में ले गया। घटना के बाद किशोर ने अपने खून से सने कपड़े बदलकर संदीप के कपड़े पहने, उसके दो हजार रुपये, क्रेडिट कार्ड और मोबाइल लेकर फरार हो गया और कमरे को बाहर से बंद कर चाबी अंदर ही छोड़ दी।

पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अन्य कानूनी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Similar News

मानवता को झकझोर देने वाली दरिंदगी: कोठारी नदी में फेंकी गई नवजात बच्ची, मां की ममता पर लगा कलंक