लूट के इरादे से आए चोर खाट सहित उठा ले गए बुजुर्ग महिला को, खेत में छोड़कर फरार

Update: 2026-02-05 09:38 GMT

 भीलवाड़ा बीएचएन। जिले के कोठियां गांव में बीती रात चोरों के दुस्साहस ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी। माली मोहल्ले में घर के बाहर बने कमरे में सो रही 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बदमाश चारपाई सहित उठा ले गये। चोर, महिला के शरीर पर मौजूद करीब डेढ़ किलो चांदी के जेवरों को लूटने की फिराक में थे, लेकिन परिजनों की जाग होने पर पकड़े जाने के डर से चोर वृद्धा को खेत में ही पटक कर फरार हो गए। ऐसे में करीब डेढ़ किलो चांदी के जेवर सुरक्षित बच गए। हालांकि महिला के कमरे में पेटी में रखे मांदलिया व कान के जेवर बदमाश ले उड़े और पेटी को नजर में डाल दिया।

कोठिया निवासी संजय माली के अनुसार, उनकी 90 वर्षीया दादी छोटी देवी माली बुधवार रात कमरे में सो रही थी। देर रात एक से डेढ़ बजे के बीच बमदाशों ने छोटी देवी के कमरे में प्रवेश किया और उनके हाथ- पैर बांध दिए और चिल्लाने से रोकने के लिए मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद चोर उन्हें चार पाई सहित उठाकर करीब तीन सौ फीट दूर कुमावत जाति के एक व्यक्ति के खेत में ले गये। संजय ने बताया कि दादी छोटी देवी के कमरे से आवाज आने पर पास के कमरे में सो रही उनके बड़े भाई की पत्नी की नींद खुल गई। जब उसने दादी सास को कमरे में नहीं पाया, तो हडक़ंप मच गया। चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले परिवार के अन्य कमरों के बाहर से कुंडी लगा दी थी ताकि कोई बाहर न आ सके। जब परिजनों ने दरवाजा खोलना चाहा तो वह नहीं खुला। इस पर परिवार के सदस्यों ने छत पर चढक़र शोर मचाया। इसके चलते सौ-दो सौ ग्रामीण व युवक मौके पर जमा हो गये और तलाश शुरू की गई।

गेहूं के खेत में मिली छोटी देवी

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीण जब पास के खेतों में पहुंचे, तो मांगी देवी गेहूं के खेत में एक थोरे (नाली) के पास पड़ी मिलीं। उनके हाथ-पैर बंधे थे और वे गहरे सदमे में थीं। गनीमत यह रही कि चोर गहने लूटने में कामयाब नहीं हो पाए और करीब डेढ़ किलो चांदी के जेवर सुरक्षित बच गए। गौरतलब है कि गांवों में चोरों का आतंक बढ़ गया है। अब लोग घरों के अंदर भी सुरक्षित नहीं है।

सोने-चांदी के गहने गायब

संजय ने बताया कि उनकी दादी छोटी देवी के कमरे में डिब्बा रखा था। यह डिब्बा चोर उठा ले गये। इस डिब्बे में सोने का मांदलिया व कान में पहनने के चांदी के जेवरात थे। यह डिब्बा बाद में हनुमान मंदिर के पास नहर में मिला, जबकि गहने गायब थे।

अब भी सहमी है छोटी

वारदात के चलते छोटी देवी दहशत में आ गई। वह अभी ठीक से कुछ नहीं बोल पा रही है। ऐसे में परिजनों ने उन्हें रेस्ट पर रखा है। संजय ने बताया कि चोर, सात आठ खेतों की लोहे की जाल काटकर मकान तक पहुंचे थे। 

Similar News

मानवता को झकझोर देने वाली दरिंदगी: कोठारी नदी में फेंकी गई नवजात बच्ची, मां की ममता पर लगा कलंक