आधार सफाई अभियान में बड़ा खुलासा,: 2.5 करोड़ मृत लोगों के आधार नंबर हुए निष्क्रिय, राजस्थान में भी सख्ती

Update: 2026-02-05 10:12 GMT

 जयपुर में सामने आई जानकारी के अनुसार आधार दुनिया की सबसे बड़ी बायोमेट्रिक पहचान प्रणाली है, जिसमें करीब 134 करोड़ सक्रिय धारक शामिल हैं। आधार डाटाबेस की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने देशभर में चल रहे विशेष सफाई अभियान के तहत अब तक 2.5 करोड़ से अधिक मृत व्यक्तियों के आधार नंबर निष्क्रिय कर दिए हैं।

यह जानकारी केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने लोकसभा में लिखित जवाब के माध्यम से दी। हालांकि संसद में राज्यवार आंकड़े साझा नहीं किए गए, लेकिन राजस्थान से जुड़े मामलों को लेकर अलग से पड़ताल में अहम तथ्य सामने आए हैं।

राजस्थान सरकार ने भीजन आधार और फेशियल वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को और कड़ा कर दिया है। UIDAI का यह अभियान खास तौर पर पेंशन घोटालों पर रोक लगाने में कारगर साबित हो रहा है। प्रदेश में पहले ही लाखों अपात्र और मृत पेंशनधारकों की पेंशन रोकी जा चुकी है और उनसे रिकवरी की कार्रवाई भी जारी है। इससे सरकारी खजाने को बड़ा फायदा हुआ है और असली जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिली है।

सरकार का मानना है कि यह कदम देश की डिजिटल गवर्नेंस को धोखाधड़ी से मुक्त करने की दिशा में अहम साबित हो रहा है। UIDAI ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि परिवार में किसी सदस्य का निधन हो गया हो तो उसके आधार को निष्क्रिय कराने के लिए myAadhaar पोर्टल या 1947 हेल्पलाइन का इस्तेमाल जरूर करें, ताकि किसी तरह का गलत उपयोग रोका जा सके।

Similar News

मानवता को झकझोर देने वाली दरिंदगी: कोठारी नदी में फेंकी गई नवजात बच्ची, मां की ममता पर लगा कलंक