कोरियन जुनून बना मौत की वजह, तीन बहनों ने दी जान, सुसाइड नोट में माता पिता पर लगाए गंभीर आरोप
दिल्ली से सटे गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित भारत सिटी सोसायटी में मंगलवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब तीन सगी बहनों ने नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से आठ से नौ पन्नों का सुसाइड नोट और डायरी मिली है, जिसमें लड़कियों ने कोरियन संस्कृति के प्रति अपने गहरे लगाव और परिवार से चले तनाव का खुलासा किया है।
सुसाइड नोट में तीनों बहनों ने लिखा है कि उन्हें कोरियन कल्चर बेहद पसंद था और वे उसी को अपनी असली जिंदगी मानने लगी थीं। एक जगह उन्होंने लिखा, हमें कोरियन बहुत पसंद है प्यार प्यार प्यार। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके माता पिता उनकी पसंद, भविष्य और शादी को लेकर सहमत नहीं थे। डायरी में दर्ज है कि परिवार उन्हें कोरियन छोड़ने के लिए मजबूर कर रहा था और वे किसी भारतीय से शादी नहीं करना चाहती थीं।
मरने वाली बहनों की उम्र 16, 14 और 12 वर्ष बताई जा रही है। जांच में सामने आया है कि वे कोरियन गानों, फिल्मों और खेलों से बेहद प्रभावित थीं। धीरे धीरे उनका रहन सहन, पहनावा और सोच पूरी तरह बदल गई थी। उन्होंने अपने बालों की स्टाइल से लेकर कपड़ों तक सब कुछ कोरियन अंदाज में अपना लिया था और यहां तक कि अपनी पहचान बदलते हुए अपने लिए नए नाम भी रख लिए थे। वे एक दूसरे को मारिया, अलीजा और सिंडी कहकर बुलाती थीं।
पुलिस के अनुसार तीनों भविष्य में कोरिया जाने का सपना देखती थीं और सुसाइड नोट में यह भी लिखा है कि वे आगे चलकर कोरियन युवक से ही शादी करना चाहती थीं। उनके कमरे से मिली डायरी में भावनात्मक तनाव और मानसिक संघर्ष के कई संकेत मिले हैं। रंगीन सपनों और कल्पनाओं के बीच लिखे गए इन पन्नों से पता चलता है कि परिवार के भीतर उनकी पसंद को लेकर लगातार टकराव चल रहा था।
घटना के बाद माता पिता सदमे में हैं, वहीं पुलिस सुसाइड नोट और डायरी की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन की जा रही है ताकि यह समझा जा सके कि तीनों बहनों ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
