आरएसआरटीसी के 77 बस स्टैंडों पर लगेगा आधुनिक पैसेंजर अनाउंसमेंट सिस्टम

Update: 2026-02-05 08:46 GMT

 राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने प्रदेशभर के बस स्टैंडों पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। निगम ने वर्ष 2026 के लिए पैसेंजर अनाउंसमेंट सिस्टम की स्थापना, संचालन और रखरखाव को लेकर निविदा जारी की है। इस परियोजना पर करीब 1.05 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

आरएसआरटीसी की योजना के तहत राज्य के 77 प्रमुख बस स्टैंडों पर अत्याधुनिक ऑडियो अनाउंसमेंट सिस्टम लगाया जाएगा। इनमें 10 टाइप ए, 23 टाइप बी और 44 टाइप सी श्रेणी के बस स्टैंड शामिल हैं। जयपुर और उदयपुर के कई बस स्टैंडों को ए श्रेणी में रखा गया है। इस नई व्यवस्था के जरिए यात्रियों को बसों के आगमन और प्रस्थान, देरी, रद्द होने तथा मार्ग से जुड़ी अहम सूचनाएं हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में मिलेंगी।

निगम की ओर से जारी जानकारी के अनुसार टेंडर प्रक्रिया पांच फरवरी को खोली जाएगी। नया सिस्टम पूरी तरह स्वचालित होगा और चौबीसों घंटे काम करेगा। तय समय के अनुसार यह खुद ही चालू और बंद होगा, जिससे अतिरिक्त स्टाफ की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रत्येक बस स्टैंड पर कंप्यूटर, यूपीएस, इंटरनेट कनेक्शन, एम्पलीफायर और उच्च गुणवत्ता वाले स्पीकर लगाए जाएंगे।

इस परियोजना की खास बात यह है कि इसे मोबाइल तकनीक से जोड़ा जाएगा। एक एंड्रॉइड मोबाइल एप के जरिए आरएसआरटीसी के अधिकारी और डिपो प्रबंधक साउंड लेवल, इंटरनेट कनेक्टिविटी और अनाउंसमेंट की स्थिति की रियल टाइम निगरानी कर सकेंगे। इससे किसी भी तकनीकी खराबी को तुरंत दूर किया जा सकेगा।

पीएएस सिस्टम को निगम के मौजूदा ऑनलाइन टिकटिंग सिस्टम, ई टिकट मशीन, वाहन ट्रैकिंग सिस्टम और पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही 149 नंबर आधारित इंटरएक्टिव वॉइस रिस्पॉन्स सिस्टम भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा होगा, जिससे यात्री फोन कॉल कर बसों की टाइमिंग, सीट उपलब्धता और रूट से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकेंगे।

नियमों के अनुसार सिस्टम के माध्यम से हर पंद्रह मिनट में अधिकतम चार मिनट तक ऑडियो विज्ञापन चलाए जा सकेंगे, हालांकि बस संचालन से जुड़ी घोषणाओं को हमेशा प्राथमिकता दी जाएगी। विज्ञापनों की सामग्री के लिए आरएसआरटीसी मुख्यालय से अनुमति लेना जरूरी होगा। निगम को उम्मीद है कि इस योजना से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ साथ अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त होगा।

Similar News

मानवता को झकझोर देने वाली दरिंदगी: कोठारी नदी में फेंकी गई नवजात बच्ची, मां की ममता पर लगा कलंक