कंवलियास माफी कोठारी नदी में डीएसटी टीम ने फिर की कार्रवाई, डंपर व जेसीबी मशीन जप्त
सवाईपुर ( सांवर वैष्णव )। सवाईपुर क्षेत्र के बनकाखेड़ा ग्राम पंचायत के कंवलियास माफी गांव के पास से गुजर रही कोठारी नदी में हो रहे अवैध बजरी खनन के खिलाफ जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव के निर्देशन में डीएसटी टीम ने लगातार दुसरे दिन कोठारी नदी में दबिश देकर कार्रवाई करते हुए एक डंपर और एक जेसीबी मशीन को जप्त किया । सूचना पर बड़लियास थाना व सवाईपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची ।
डीएसटी टीम ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देशन में डीएसटी टीम ने बड़लियास थाना क्षेत्र के कंवलियास माफी गांव के निकट से गुजर रही कोठारी नदी में लगातार दूसरे दिन मंगलवार अल सुबह नदी में दबिश दी, जहां से डीएसटी की टीम ने कोठारी नदी में अवैध बजरी खनन करते हुए एक डंपर और एक जेसीबी मशीन को जप्त किया । डीएसटी की टीम ने कल सोमवार दोपहर को भी इसी जगह पर कार्रवाई की थी, जिसमें पांच ट्रैक्टर व दो जेसीबी मशीन को जप्त किया था । डीएसटी टीम की कारवाई होने के बाद भी बजरी माफियों के हौसले इतने बुलंद है कि वह दूसरे दिन फिर से बजरी खनन करने लगे, लगातार दूसरे दिन कार्रवाई से क्षेत्र के बजरी माफियों में हड़कंप सा मच हुआ है ।।