पेंच के बालाजी में श्रीराम जन्मोत्सव की धूम: प्रभु के शिखर पर फहराएगा धर्म ध्वज, स्वर्ण-रजत श्रृंगार में दर्शन देंगे रघुनाथ
भीलवाड़ा । शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल पेंच के बालाजी, बालाजी मार्केट स्थित श्री राम दरबार में इस वर्ष भी प्रभु श्री राम का जन्मोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास और ठाट-बाट के साथ मनाया जाएगा। आगामी 26 मार्च 2026, गुरुवार को आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम को लेकर मंदिर ट्रस्ट और भक्तों में भारी उत्साह है।
धार्मिक अनुष्ठानों का कार्यक्रम
उत्सव का शुभारंभ प्रातः मंगला आरती के साथ होगा। इसके पश्चात मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष अनिल कुमार मानसिंहका द्वारा विधि-विधान से पूजन कर श्री राम दरबार के शिखर पर ध्वज स्थापित किया जाएगा।
दुग्धाभिषेक: प्रातः 8:00 बजे पंडित राघव, केशव एवं युगराज शर्मा के सानिध्य में विद्वान पंडितों द्वारा मूल रामायण, रामस्तवराज, राम रक्षा स्तोत्र एवं पुरुष सूक्त के पाठ के साथ प्रभु का अभिषेक संपन्न होगा।
विशेष श्रृंगार: श्री राम दरबार को आकर्षक वस्त्रों व आभूषणों से अलंकृत कर पुष्पों से सजाया जाएगा। वहीं, श्री हनुमान जी महाराज का विशेष रजत चोला श्रृंगार आकर्षण का केंद्र रहेगा।
मुख्य आयोजन: दोपहर 11:30 बजे से 12:30 बजे तक जन्मोत्सव की महा आरती होगी, जिसके पश्चात भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
भजन संध्या: संध्या काल में सुमधुर भजनों का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकार प्रभु की महिमा का गुणगान करेंगे।
बालाजी मंदिर के महंत पंडित आशुतोष शर्मा ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी जनता से इस पावन महा आयोजन में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ कमाने का विनम्र अनुरोध किया है।
