सांवरिया हनुमान मंदिर को बचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद व राष्ट्रीय बजरंग दल ने खोला मोर्चा, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
भीलवाड़ा | जिले के कारोई ग्राम में स्थित प्रसिद्ध श्री सांवरिया हनुमान मंदिर को लेकर उपजे विवाद के बीच अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल ने प्रशासन को कड़ा चेतावनी दी है। संगठन की ओर से जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मंदिर के खिलाफ किसी भी प्रकार की कार्रवाई न करने की मांग की गई है।
हिंदू भावनाओं को आहत करने का आरोप
राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष रितेश गुर्जर द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि कारोई स्थित श्री सांवरिया हनुमान मंदिर लाखों भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। आरोप लगाया गया है कि किसी संस्था द्वारा हिंदू भावनाओं को जानबूझकर ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से प्रशासन पर अनुचित दबाव बनाया जा रहा है ताकि मंदिर तोड़ने की कार्रवाई करवाई जा सके।
आंदोलन की चेतावनी
संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से निवेदन किया है कि ऐसी किसी भी कार्रवाई से बचा जाए जिससे मंदिर की संरचना या जनभावना को ठेस पहुंचे। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि प्रशासन या किसी अन्य संस्था द्वारा मंदिर को क्षति पहुँचाने की कोशिश की गई, तो अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल इसके विरोध में खड़ा होगा और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रशासन से की अपील
रितेश गुर्जर ने कहा कि आस्था के केंद्रों के साथ इस तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने प्रशासन से निष्पक्षता बनाए रखने और हिंदू धर्म की जनभावनाओं का सम्मान करने की अपील की है।