प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत: भीलवाड़ा में 19 बेंचों का गठन, कल होगा मुकदमों का निस्तारण

Update: 2026-03-13 06:40 GMT

भीलवाड़ा । राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार शनिवार, 14 मार्च 2026 को इस वर्ष की प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्री अभय जैन ने जिले के समस्त न्यायिक अधिकारियों को इस आयोजन को सफल बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

इस लोक अदालत में सिविल और फौजदारी प्रकरणों के साथ-साथ राजस्व मामलों का भी आपसी राजीनामे के जरिए निस्तारण किया जाएगा। भीलवाड़ा जिले में चिन्हित प्रकरणों की सुनवाई हेतु कुल 19 बेंचों का गठन किया गया है, जिनमें न्यायिक अधिकारी, राजस्व अधिकारी और अनुभवी अधिवक्ता सदस्य के रूप में पक्षकारों के मध्य समझाइश कर विवादों को सुलझाएंगे।

ब्याज माफी और मूल राशि में छूट का सुनहरा अवसर

प्राधिकरण सचिव श्री विशाल भार्गव ने बताया कि लोक अदालत में राजीनामा योग्य सभी प्रकृति के मुकदमों का निस्तारण होगा। उन्होंने आमजन से अपील की है कि 'प्री-लिटिगेशन' (मुकदमा पूर्व) स्तर के बैंक, बिजली और अन्य संस्थाओं के प्रकरणों में मूल राशि में छूट और ब्याज माफी के साथ हाथों-हाथ फैसला किया जाएगा।

सहज माहौल में होगा विवादों का अंत

सचिव ने स्पष्ट किया कि लोक अदालत का माहौल पारंपरिक न्यायालय जैसा न होकर अत्यंत अनौपचारिक और सहज होता है। यहाँ किसी पर फैसला थोपा नहीं जाता, बल्कि दोनों पक्षों की स्वैच्छिक सहमति के आधार पर ही आदेश पारित किए जाते हैं। इससे पक्षकारों के समय और धन दोनों की बचत होती है।

Similar News