गैस सिलेंडर ब्लास्ट से जमींदोज हुआ आशियाना: पालीवाल समाज ने कलेक्ट्रेट पर दिया ज्ञापन, मुआवजे की मांग

Update: 2026-03-12 18:33 GMT


भीलवाड़ा। शहर की संतोष कॉलोनी में पिछले दिनों हुए भीषण गैस सिलेंडर ब्लास्ट मामले में पीड़ित परिवार को राहत दिलाने के लिए गुरुवार को पालीवाल समाज लामबंद हो गया। समाज के प्रबुद्धजनों ने जिला कलेक्टर और जिला रसद अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर पीड़ित परिवार को अविलंब उचित मुआवजा और बीमा राशि दिलाने की पुरजोर मांग की।

भीषण धमाके से खंडहर बना मकान

पीड़ित सत्यनारायण पुरोहित ने बताया कि बीती 8 मार्च की रात करीब 10:15 बजे उनके निजी आवास पर अचानक घरेलू गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरा मकान क्षतिग्रस्त हो गया, दीवारें ढह गईं और दरवाजे टूटकर दूर जा गिरे। गनीमत यह रही कि उस समय पूरा परिवार चित्तौड़गढ़ में एक शादी समारोह में गया हुआ था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, अब मकान रहने लायक स्थिति में नहीं बचा है और उसे दोबारा बनाना पड़ेगा।

"कंपनी की जिम्मेदारी, तुरंत मिले बीमा क्लेम"

ज्ञापन देने पहुंचे मनोज पालीवाल ने तकनीकी पक्ष रखते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर का असली मालिक कंपनी होती है और उपभोक्ता केवल अमानत राशि देकर उसका उपयोग करता है। चूंकि सिलेंडर की बनावट और गैस भरने की पूरी प्रक्रिया कंपनी के नियंत्रण में होती है, इसलिए किसी भी हादसे की पूरी जिम्मेदारी कंपनी की बनती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बीमा कंपनी से संपर्क कर पीड़ित परिवार को शीघ्र और समुचित भुगतान दिलाया जाए ताकि वे सम्मानजनक तरीके से पुनः अपना जीवन शुरू कर सकें।

समाज ने बुलंद की आवाज

कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए समाज के लोगों ने 'गैस सिलेंडर ब्लास्ट का मुआवजा दो' और 'हमारी मांगें पूरी करो' के नारों के साथ अपना विरोध दर्ज कराया। ज्ञापन देने वालों में मुकुंद बिहारी पालीवाल, राजमल पुरोहित, कृष्ण कुमार व्यास, सुनील पालीवाल, अनिल पालीवाल, मनीष पुरोहित, राजकुमार पुरोहित, शिवकुमार पुरोहित, गिशु लाल पुरोहित, धर्म नारायण पुरोहित और प्रकाश नारायण पुरोहित सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Similar News