शास्त्री नगर में चोरों का आतंक: पार्कों, सामुदायिक भवन और स्कूल को बनाया निशाना, उखाड़ ले गए मोटरों के वायर
भीलवाड़ा। शहर के शास्त्री नगर और न्यू हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में इन दिनों चोरों के हौसले बुलंद हैं, जिससे प्रशासन के सुरक्षा के दावे नाकाम साबित हो रहे हैं। क्षेत्र में चोरों ने एक के बाद एक तीन अलग-अलग स्थानों पर लगे बोरिंग की मोटरों को निशाना बनाकर उनके कीमती वायर चोरी कर लिए हैं।
चोरी की इन वारदातों से क्षेत्रवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। निवर्तमान पार्षद प्रतिनिधि किशोर लखवानी ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को अवगत कराया।
पार्क और सामुदायिक भवन में चोरी
पहली घटना शास्त्री नगर न्यू हाउसिंग बोर्ड स्थित सोनी हॉस्पिटल रोड की है। यहाँ दूध की डेयरी के पीछे स्थित पार्क में चोरों ने बोरिंग की मोटर निकालकर उसके वायर काट लिए और चुरा ले गए। इसकी सूचना पास में रहने वाले जय मेंगानी ने किशोर लखवानी को दी। इसी तरह, पास ही स्थित नगर विकास न्यास (UIT) के सामुदायिक भवन से भी गत 3 मार्च को चोर बोरिंग की मोटर का वायर चुराकर ले गए थे, जिसकी जानकारी भवन के चौकीदार ने पार्षद प्रतिनिधि को दी।
सरकारी स्कूल में भी बोला धावा
चोरी का सिलसिला यहीं नहीं रुका, 11 मार्च को न्यू हाउसिंग बोर्ड टेम्पू स्टैंड के पास स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय के अंदर लगी बोरिंग की मोटर का वायर भी चोरों ने पार कर दिया। विद्यालय के स्टाफ ने जब पानी नहीं आने की शिकायत की, तब जांच करने पर चोरी का पता चला।
सामग्री सुरक्षित रखवाई
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पार्षद प्रतिनिधि किशोर लखवानी ने तत्परता दिखाते हुए नगर निगम के अधिकारियों को मौके पर बुलाया और निगम की बोरिंग मोटर को सुरक्षित रखवाया। वहीं, विद्यालय की बोरिंग मोटर और अन्य सामग्री को स्कूल स्टाफ विश्वजीत सिंह व किशन छिपा की मौजूदगी में सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया ताकि चोरों के अगले प्रयास को विफल किया जा सके।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
