विधायक कोठारी ने फूड टेस्टिंग लैब को लेकर सरकार से मांगी जानकारी

Update: 2026-03-12 12:02 GMT

भीलवाड़ा,।भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने सरकार से भीलवाड़ा में फूड टेस्टिंग लैब शुरू करने के संबंध में जानकारी मांगी है । उन्होंने इस संबंध में प्रश्न के माध्यम से भीलवाड़ा में खाद्य पदार्थों की जांच के लिए प्रस्तावित फूड टेस्टिंग लैब के संबंध में सरकार से विस्तृत विवरण भी मांगा।

विधायक कोठारी ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर से जानकारी चाही कि भीलवाड़ा जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच के लिए फूड टेस्टिंग लैब भवन का निर्माण कराया गया है। भवन निर्माण के बाद भी लैब का संचालन अब तक शुरू नहीं हुआ है तो इसके पीछे क्या कारण हैं।

साथ ही उन्होंने पूछा कि क्या राज्य सरकार द्वारा फूड टेस्टिंग लैब के लिए करोड़ों रुपये के उपकरण खरीदे गए हैं। यदि हां, तो किन-किन जिलों के लिए कितनी राशि के उपकरण खरीदे गए हैं, इसका भी विवरण दिया जाए।

कोठारी ने वर्तमान में फूड टेस्टिंग से जुड़े लंबित प्रकरणों की संख्या तथा भीलवाड़ा जिले से संबंधित मामलों की जानकारी भी मांगी है। इसके अलावा उन्होंने यह भी पूछा कि क्या शाकाहारी खाद्य सामग्री के साथ-साथ मांसाहारी खाद्य पदार्थों की जांच के लिए भी भीलवाड़ा में फूड टेस्टिंग लैब स्थापित करने की योजना है और यदि हां तो इसे कब तक शुरू किया जाएगा।

विधायक कोठारी ने कहा कि जिले में फूड टेस्टिंग लैब शुरू होने से खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।

Similar News